चंबा। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में इस बार इंस्पायर मानक अवार्ड के लिए उत्साह बढ़ गया है, जिसके चलते इस बार 783 विद्यार्थियों ने अपने नवाचार के आइडिया भेजे हैं। पिछले साल नॉमिनेशन का आंकड़ा 110 था।
यह शिक्षा विभाग की सख्ती और समय-सीमा के अंतिम दिनों में स्कूल मुखियाओं की सक्रियता का परिणाम है। विभाग ने स्कूलों को रिमाइंडर जारी कर नॉमिनेशन प्रक्रिया को तेज किया, जिससे इस बार प्रतिभागी संख्या में वृद्धि हुई है।
10,000 रुपये मिलेगा इनाम
इन नॉमिनेशन में से चुने गए बेहतर इनोवेटिव आइडियाज के विद्यार्थियों को 10,000 रुपये की राशि दी जाएगी। यह राशि मॉडल तैयार करने और आगामी इंस्पायर मानक प्रदर्शनी में उसे प्रदर्शित करने के लिए दी जाएगी। बेहतर मॉडल बनाने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर से राज्य स्तर तक प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का मौका मिलेगा, जिससे उनका विकास और बढ़ावा होगा।
विज्ञान में बढ़ रही रुचि, प्रेरक कदम
इंस्पायर मानक कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक रुचि बढ़ाना है। यह विज्ञान और तकनीक विभाग की एक पहल है, जो बच्चों को अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को प्रकट करने का अवसर प्रदान करती है।
यह पिछले साल की तुलना में एक बड़ी सफलता है। नॉमिनेशन की अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है और अब चयन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। विकास महाजन, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग, चंबा