डलहौजी (चंबा)। बाहरी राज्यों के सैलानियों के लिए कोविड टेस्ट रिपोर्ट की अनिवार्यता खत्म करने के बाद पर्यटन नगरी डलहौजी पर्यटकों से गुलजार होने लगी है। डलहौजी में दो दिन में आठ सौ सैलानी पहुंच गए हैं। इससे होटल कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। गौरतलब है कि सोमवार को पर्यटन नगरी के 90 प्रतिशत होटल खुल गए। जबकि डलहौजी स्थित होटलों में 30 से 40 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी चल रही है। पर्यटन नगरी में पहुंचने वाले अधिकांश पर्यटक पंजाब और हरियाणा के रहने वाले हैं।
डलहौजी में कोविड नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस विभाग ने भी विशेष प्लान तैयार कर लिया है। गौरतलब है कि डलहौजी पहुंचने वाले पर्यटक डैनकुंड, लक्कमंडी, सुभाष चौक, गांधी चौक सहित गर्म-ठंडी सड़क का रुख करते हैं। लिहाजा, पुलिस विभाग ने टूरिस्ट प्वाइंटस पर विशेष टीमें तैनात कर दी हैं। ये टीमें सैलानियों को कोरोना नियमों का पाठ पढ़ा रही हैं। होटल कारोबारी अमन महेंद्रू, कमलेश, दीपक, राजीव कुमार आदि ने कहा कि पर्यटन नगरी में पर्यटकों के आगमन से अब उनमें आस जगी है। कहा कि कोविड की मार ने दो सीजन खराब कर दिए हैं। कहा कि सप्ताह के अंत में सभी होटल पैक होने की संभावनाएं हैं।
डीएसपी विशाल वर्मा ने कहा कि दो दिन में पर्यटन नगरी डलहौजी में 800 बाहरी राज्यों के पर्यटक पहुंचे हैं। पर्यटकों को भी कोविड नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।