बैरागढ़-किलाड़ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप, पांगी घाटी का चंबा मुख्यालय से संपर्क प्रभावित
मौसम साफ होने तक साच पास की ओर सफर न करने की प्रशासन ने दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर बीती मंगलवार शाम को हुई ताजा बर्फबारी के बाद वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
साच पास में शाम करीब पांच बजे शुरू हुआ हिमपात देर रात तक जारी रहा। इस दौरान करीब 13 से 15 सेंटीमीटर ताजा बर्फ जमा होने का अनुमान है। इस सीजन में साच पास पर यह तीसरी बर्फबारी है।
ताजा हिमपात के कारण बैरागढ़ से साच पास होते हुए किलाड़ और पांगी घाटी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे पांगी घाटी का चंबा मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है। सड़क पर बर्फ जमने के साथ फिसलन बढ़ने से वाहनों की आवाजाही जोखिमपूर्ण हो गई है। मौसम खराब होने पर साच पास में सड़क पर बर्फ जमने से अक्सर यातायात प्रभावित होता है।
ताजा बर्फबारी के बाद संबंधित विभाग की ओर से मार्ग की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। मौसम में सुधार के बाद सड़क से बर्फ हटाने और आवाजाही शुरू करवाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
आरसी पांगी अमनदीप सिंह ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों और वाहन चालकों से साच पास की ओर सफर न करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने और सड़क को आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाए जाने तक अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए। लोगों को यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।