चुराह (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र की 52 पंचायतों को बस सुविधा प्रदान करने वाले भंजराडू बस स्टैंड में यात्रियों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। यात्रियों को शौचालच बने होने के बाद भी खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। क्योंकि शौचालयों पर ताला लटका है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है।
परिवहन निगम की तरफ से शौचालय को संचालित करने का ठेका एक कंपनी को दिया है। लेकिन, कंपनी ने अभी तक इसे शुरू नहीं किया है। जबकि रोजाना सैकड़ों यात्री इस बस स्टैंड में पहुंचते हैं। यात्री तेज सिंह, प्यार दीन, सुनील, होशियार सिंह, जान मोहम्मद, किशोर और योगराज ने बताया कि भंजराडू बस स्टैंड को करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया है। ऐसे में यहां यात्रियों को सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उधर, एसडीएम चुराह अंकुर ठाकुर ने बताया कि कंपनी को निर्देश देकर शीघ्र ही शौचालय को चालू करवाया जाएगा।