चंबा के कसाकड़ा मार्ग पर फड़ी धारकों का सामान जब्त करती नगर परिषद टीम। संवाद
चंबा। शहर के कसाकड़ा मार्ग पर अतिक्रमणकारियों पर नगर परिषद चंबा ने शिकंजा कस दिया है। नगर परिषद की ओर से कसाकड़ा मार्ग पर सजी करीब 15 रेहड़ी और फड़ियों का सामान जब्त किया। नगर परिषद की इस कार्रवाई से अवैध रूप से फड़ी और रेहड़ी लगाने वालो में हड़कंप मच गया है। नगर परिषद की ओर से अवैध रेहड़ीफड़ी धारकों को चेताया है कि अगर दोबारा ऐसा करते है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद चंबा की ओर से इस तरह की कार्रवाई करने का मकसद अतिक्रमण कारियों पर शिकंजा कसना है। ताकि इस मार्ग पर राहगीरों की आवाजाही प्रभावित न हो।
जानकारी के अनुसार न्यू बस स्टैंड से जिला मुख्यालय के लिए यह मार्ग शॉर्टकट है। शहर में खरीदारी करने और चंबा मेडिकल कॉलेज के लिए लोग इसी रास्ते से आवाजाही करते है। लेकिन कुछ अवैध रेहड़ी फड़ी धारकों ने इस मार्ग को अतिक्रमण का अड्डा बना रखा है। इस मामले की शिकायत नगर परिषद चंबा को मिली। नगर परिषद चंबा की टीम की ओर से मंगलवार को औचक निरीक्षण किया और 15 अवैध रूप से रेहड़ी और फड़ियों का सामान जब्त किया। नगर परिषद चंबा ने यह कार्रवाई नगर परिषद एक्ट के तहत की।
अवैध रूप से रेहड़ी और फड़ी सजाने वाले 15 धारकों का सामान जब्त किया है। शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिलीप कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद चंबा