कमरा न मिल पाने के कारण चौगान में टेंट लगा रात गुजारते चंबा में पुलिस भर्ती के िलए पहुंचे युवा।
- फोटो : Chamba
चंबा। पुलिस भर्ती में भाग्य आजमाने पहुंचे युवाओं को सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे बितानी पड़ी। बारगाह मैदान में आयोजित पुलिस भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं को होटलों में कमरे न मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने चंबा चौगान में ही टेंट गाढ़ कर खुले आसमान तले जैसे-तैसे रात बिताई। युवाओं ने शहर के कुछ होटलों, सरायों और ढाबा संचालकों पर मनमाने दाम वसूलने के आरोप लगाए हैं। कहा कि नौकरी की तलाश में आने वाले युवाओं के ठहरने और खाने की व्यवस्था के लिए भी शासन-प्रशासन को आगे आना चाहिए।
चुवाड़ी निवासी अमित कुमार ने कहा कि वह पुलिस भर्ती में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। लेकिन, यहां किसी भी होटल और सराय में उन्हें कमरा नहीं मिला। कमरे की तलाश में वह यहां-वहां भटकते रहे। कहा कि सायं साढ़े दस बजे तक उन्हें कमरा नहीं मिल पाया है।
सिहुंता निवासी अक्षय कुमार ने कहा कि चंबा में होटल पैक मिले। कई जगह कमरों के किराये अधिक होने से वह चाह कर भी कमरा नहीं ले पाए। भर्ती के लिए पहुंचने वाले युवाओं के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की तरफ भी प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
चुवाड़ी निवासी अक्षय शर्मा ने बताया कि गेस्ट हाउस में कमरे नहीं मिले। कई जगह कमरे का किराया सबसे अधिक बताया गया। भर्ती के लिए आने से पहले कमरा किराये पर न लेने से उनकी मुसीबतें बढ़ी हैं। सिहुंता निवासी अमित कपूर ने कहा कि होटलों में मनमाने दाम पर कमरे किराये पर दिए जा रहे हैं। नौकरी की चाह में पहुंचने वाले युवाओं से मनमाने दाम वसूल कर उनकी मुसीबतें बढ़ाई जा रही हैं। कड़कड़ाती ठंड में युवाओं से खाने और रहने के मनमाने दाम वसूलने वालों पर प्रशासन को लगाम लगानी चाहिए।