चंबा चौगान में 15 अगस्त के उपलक्ष पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कलाकार।संवाद
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, 17 टुकड़ियों ने किया मार्च पास्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय समारोह ऐतिहासिक चौगान में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
परेड में जिला पुलिस, वन विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, एसपीओ, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, नर्सिंग कॉलेज, होटल प्रबंधन संस्थान और अन्य संस्थानों की 17 महिला एवं पुरुष टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व लेडी पुलिस इंस्पेक्टर पंकज ने किया।
समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उपमुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, संस्थाओं और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।