बनीखेत में शातिरों की अोर से त ोड़ा गया दरवाजे का हैंडल। संवाद
- फोटो : Chamba
बनीखेत (चंबा)। असली समझकर चोर नकली (आर्टिफिशियल) गहने ही ले उड़े। यह घटना बनीखेत की दिन के समय की है। प्रभावित ने चोरी की पुलिस में शिकायत कर दी है।
बौंखरीमोड़ स्थित निजी आईटीआई में कार्यरत संदीप कुमार पुत्र महालो राम बनीखेत में किराये के घर में पत्नी और बच्चों सहित रहते हैं। सोमवार सुबह रोजमर्रा की तरह वह अपनी ड्यूटी पर चले गए। उनकी पत्नी बच्चों को स्कूल छोड़कर बनीखेत स्थित दुकान में कार्य करने के लिए चली गईं। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे के भीतर रखा सारा सामान बिखेर दिया। दोपहर के समय संदीप कुमार ने पत्नी को खाना बनाने के लिए घर भेजा।
दरवाजे का ताला टूटा देखकर महिला के पांवों तले जमीन खिसक गई। महिला ने तुरंत अपने पति और मकान मालिक को घटना के बारे में सूचित किया। मौके पर पहुंचे संदीप और मकान मालिक ने देखा तो शातिरों ने घर के अंदर का सारा सामान बिखेर दिया था। उन्होंने तुरंत अलमारी के लॉकर में रखी 15 हजार नकदी और करीब ढाई लाख कीमत के गहने चेक किए। नकदी और गहने लॉकर में सुरक्षित थे। चोरों ने सोने का पानी चढ़े नकली गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। संदीप कुमार ने बनीखेत पुलिस चौकी में इस बाबत शिकायत पत्र सौंपा। वहीं
बनीखेत स्थित एक मकान में पीजी में रह रही युवती के कमरे का भी शातिरों ने दरवाजा तोड़ दिया लेकिन चोरों को कमरे में कुछ भी नहीं मिला। वहीं ग्राम पंचायत बाथरी में किराये पर रहने वाले तीन लोगों के कमरों के ताले भी तोड़े गए हैं। शातिर दिनदहाड़े रेहड़ी संचालक के कमरे में रखी गई पांच हजार रुपये की नकदी उड़ाकर भागने लगा कि स्थानीय लोगों ने उसे दबोच लिया। पुलिस को सूचित मिलने के बाद मौके पर पहुंची और शातिर से नकदी बरामद कर ली। इसके अलावा आभूषणों की दुकान पर काम करने वाले और एक कपड़ा विक्रेता के कमरों के भी ताले तोड़े गए हैं। हालांकि, इन कमरों में भी शातिरों को कुछ हाथ नहीं लगा है।
क्षेत्र में एक साथ चोरी की पांच घटनाओं की खबर से लोग काफी सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस विभाग से क्षेत्र में संदिग्ध लोगों को यहां से खदेड़ने की मांग की है। डलहौजी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि बनीखेत में चोरी की वारदातें होने की शिकायत मिली है। पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।