लोगों के दिलचस्पी न दिखाने से पूरा नहीं हाे रहा सर्वे
परिवार रजिस्टर बनाने का सर्वे करने के लिए आ रही टीम को घरों में लटके मिल रहे ताले
परिवारों की जानकारी न मिलने से लटक रहा काम, नप डलहौजी, नपं चुवाड़ी में सर्वे पूरा
चंबा शहर में आ रही परेशानी, अब नगर परिषद के जरिये लोगों से सहयोग मांग रही टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ऑनलाइन परिवार रजिस्टर बनाने के लिए चंबा में लोग दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। परिवार रजिस्टर बनाने का सर्वे करने के लिए आने वाली टीम को लोगों के घरों में ताले लटके मिल रहे हैं। नगर परिषद ने लोक मित्र केंद्र को सर्वे का कार्य सौंपा हैं। पिछले छह माह से टीम सर्वे कर रही है। हालांकि, नगर परिषद डलहौजी और नगर पंचायत चुवाड़ी में सर्वे पूरा हो चुका है। चंबा में अभी भी कुछ परिवार हैं, जिनका सर्वे नहीं हो पाया है। इसका कारण लोगों के बाहर होने पर टीम को पूरी जानकारी नहीं मिलना है।
लोक मित्र केंद्र की टीम नगर परिषद के माध्यम से लोगों से आह्वान कर रही है कि सर्वे करने पहुंच रही टीम को परिवार का रिकार्ड दें, जिससे शहरवासियों को ऑनलाइन परिवार नकल की सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि चंबा शहर में लगभग पांच हजार मकान हैं। इन्हें परिवार नकल लेने के लिए नगर परिषद कार्यालय जाना पड़ता है। लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। ऐसे में लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इसको लेेकर नगर परिषद ने परिवार नकल ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। इसके लिए चंबा शहर का सर्वे करने के लिए लोक मित्र केंद्र को यह कार्य सौंपा गया। सर्वे में हर परिवार का रिकॉर्ड इकट्ठा किया जाना है। सभी परिवार का रिकॉर्ड अपलोड किया जाना है। उसके बाद बची हुई औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लोगों को कार्यालय के चक्कर काटने से निजात मिलेगी और घर बैठे ही ऑनलाइन परिवार नकल मिल जानी थी।
नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि परिवार रजिस्टर बनाने का सर्वे लोक मित्र केंद्र की टीम कर रही है। शहर के कुछ लोग बाहर रहते हैं। इनकी जानकारी टीम को नहीं मिल रही है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि सर्वे करने पहुंच रही टीम को परिवार का रिकॉर्ड दें।