नगर परिषद चंबा में हाउस की बैठक में मौजूद पार्षद।
- फोटो : Chamba
चंबा। शहर के आठ वार्डों को जल्द पार्किंग की सुविधा मिलने वाली है। साथ ही सभी वार्डों में पार्क भी बनाए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद चंबा ने कवायद शुरू कर दी है। नगर परिषद चंबा आठ वार्डों में पार्किंग की व्यवस्था करने में जुट गई है। साथ ही पुराने पार्किंग स्थलों का मरम्मत कार्य भी करवाया जाएगा। मंगलवार को आयोजित नगर परिषद चंबा के जनरल हाउस के दौरान विभिन्न मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर ने की। इसमें विभिन्न वार्डों के पार्षद मौजूद रहे। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अक्षित गुप्ता ने बताया कि चंबा शहर का कायाकल्प करने के लिए नगर परिषद 450 करोड़ रुपये का प्रपोजल तैयार कर रही है। अगर प्रपोजल को विश्व बैंक से मंजूरी मिलती है तो शहर में तमाम विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। इससे न केवल चंबा शहर को नई पहचान मिलेगी, बल्कि यहां पर तमाम सुविधाएं होने से स्थानीय लोगों सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले लोगों का भी ध्यान आकर्षित होगा।
नगर परिषद और एलएनटी कंपनी की ओर से यह प्लान भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में समस्त वार्डों में पार्कों का निर्माण होने से बच्चों से लेकर बुजुर्गों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही संकीर्ण मार्गों को भी चौड़ा करने का प्रावधान इस योजना में है।