चंबा। नगर परिषद ने हाल में हुई बैठक में यह निर्णय लिया था कि सार्वजनिक शौचालयों में महिलाओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके बाद भी यह आदेश सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया। कई शौचालयों में अब भी महिलाओं से शुल्क वसूला जा रहा है।
लोगों के अनुसार शहर के कई सार्वजनिक शौचालयों में ठेकेदारों की ओर से पुराने नियमों के अनुसार ही पैसा लिया जा रहा है, जबकि बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि महिलाओं के लिए सुविधा निशुल्क होगी। स्थानीय लोगों ने इस मामले में नाराजगी जताते हुए नगर परिषद से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि निर्णय लागू न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे आदेशों को हल्के में न लिया जाए। उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर का कहना है कि मामला ध्यान में है। बैठक में लिए निर्णय का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें हिदायत भी दी जाएगी कि महिलाओं से शुल्क न लिया जाए।