लियुंडाधार में फंसे श्रद्धालु। जागरूक पाठक
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने बचाईं 24 जिंदगियां
21 श्रद्धालु भरमौर और तीन अन्य राज्यों से थे संबंधित, सभी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। बड़ग्राम पंचायत की लियूडांधार में फंसे श्रद्धालुओं का रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। प्रतिकूल मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पर्वतारोहण संस्थान की टीम ने 24 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालकर बड़ी सफलता हासिल की। नाले में पानी के तेज बहाव के ऊपर से रस्सी बांधकर बचाव दल फंसे श्रद्धालुओं तक पहुंचा। वहां से उन्हें सुरक्षित रास्ते से नाला पार करवाया गया। 30 जून से ये श्रद्धालु वहां फंसे थे। बुधवार को प्रशासन ने उनके खाने पीने का सामान वहां उपलब्ध करवा दिया था।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान कुल 24 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया। इनमें 21 श्रद्धालु भरमौर क्षेत्र के थे जबकि 3 श्रद्धालु अन्य राज्यों के थे।पर्वतारोहण संस्थान की छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने पूरी मुस्तैदी से अभियान को अंजाम दिया। अभियान के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम भी आवश्यक सहयोग और आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार एवं उपलब्ध रही, लेकिन पर्वतारोहण संस्थान की टीम ने सभी श्रद्धालुओं का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। उन्होंने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों, पर्वतारोहण संस्थान की टीम और सहयोगी एजेंसियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में टीम ने साहस, समर्पण और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी अवश्य पता कर लें।