संवाद न्यूज एजेंसी की अमर उजाला में प्रकाशित खबर का हुआ असर
घरेलू गैस सिलिंडर रिफिल करवा लोगों ने ली राहत की सांस
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। उपमंडल डलहौजी के सुदली, कैहल, चंबी, दाल, सिहारु, संधारा सहित आसपास के गांवों में दो माह से चल रहा घरेलू गैस संकट समाप्त हो गया है।
संवाद न्यूज एजेंसी की अमर उजाला में प्रकाशित खबर के बाद बुधवार को गैस वितरण वाहन गांवों में पहुंचा। इसके बाद लोगों को गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाए गए। लंबे इंतजार के बाद गैस मिलने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि इन गांवों में पिछले करीब दो माह से गैस वितरण वाहन नहीं पहुंचा था। इसके चलते लोगों को खाली सिलिंडरों के कारण लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधनों पर भोजन तैयार करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था।
बुधवार को गैस वितरण वाहन प्रभावित गांवों में पहुंचा और लोगों को सिलिंडरों का वितरण किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गैस वाहन के पहुंचने का इंतजार करते रहे। जैसे ही वितरण शुरू हुआ, लोगों ने अपने खाली सिलिंडर भरवाए और लंबे समय बाद राहत महसूस की।
ग्राम पंचायत सुदली की प्रधान सरोज कुमारी, ग्राम पंचायत ढलोग के उपप्रधान मंजीत सिंह तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में गैस वितरण नियमित रूप से किया जाएगा जिससे ग्रामीणों को दोबारा इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ग्रामीणों ने संबंधित गैस एजेंसी से भी मांग की कि दूरदराज के गांवों में गैस वितरण की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।