भरमौर (चंबा)। भरमौर के गरोला पंचायत के व्यूटी नाले में मलबा फेंकने वाली कुठेड़ जल विद्युत परियोजना की निर्माण कंपनी को अब इसी स्थान पर खेल मैदान का निर्माण करना होगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलबीर सिंह राणा ने इसके लिए जेएसडब्ल्यू कंपनी को 86.75 लाख रुपये जमा करने के आदेश दिए हैं।
कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि कंपनी ने इस जगह मलबा गिराया है। इसी संदर्भ में 3 मार्च 2025 को उनकी अगुवाई में प्रोजेक्ट का काम कर रही कंपनी और गद्दी जनजातीय विकास महासभा की बैठक आयोजित हुई। इसमें खेल मैदान के निर्माण को लेकर सहमति बनी। इसके बाद मैदान के निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग को एस्टीमेट बनाने के आदेश दिए गए थे। अब इसका एस्टीमेट बन चुका है और कंपनी को पैसा जमा करवाने के लिए कहा है।
गद्दी जनजातीय विकास महासभा की ओर से पत्रचार के माध्यम से इस बारे में अवगत कराया गया है। उधर, गद्दी जनजातीय विकास महासभा के मुख्य सलाहकार सतपाल भारद्वाज ने बताया कि अब विद्युत परियोजना को जल्द पैसा देकर खेल का निर्माण करवाना चाहिए।