विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम ने शहरी क्षेत्र में की कार्रवाई, 300 और कनेक्शन कटेंगे
बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं को दी है एक हफ्ते में बिल जमा करने की मोहलत
टीम पहुंची तो कुछ उपभोक्ताओं ने मौके पर ही जमा करवा दिया बिजली बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम के तहत शहरी क्षेत्र में बिजली बोर्ड की टीमों ने शिकंजा कस दिया है। बोर्ड की टीमों ने औचक निरीक्षण कर बिजली बिल जमा न करवाने वाले तीस उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए हैं।
वहीं, 300 और कनेक्शन काटने की तैयारी है। बोर्ड ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर बिजली बिल जमा करवाने की मोहलत दी है। हालांकि जैसे ही बिजली बोर्ड की टीम डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के द्वार पहुंची तो कुछ उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बिल जमा करवा दिया। हैरानी की बात है कि इस सूची में सामान्य उपभोक्ताओं के साथ शहर के बड़े कारोबारी और सरकारी विभाग भी शामिल हैं।
ऐसे में इन उपभोक्ताओं से बिजली बिल की राशि निकलवाना बोर्ड के लिए चुनौती बन गया है। बिजली बोर्ड की ओर से हर माह नोटिस जारी कर उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए जाते हैं। शहर में ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जिन्होंने छह माह का बिजली जमा नहीं करवाया है। विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम में 70 लाख रुपये के बिजली बिल लंबित हैं। इनमें सरकारी विभागों से भी राशि वसूलनी है। बाकी घरों, निजी संस्थानों और दुकानों आदि के बिल लंबित हैं। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं को डिफॉल्टर सूची में डाला है। गौरतलब है कि बिजली बोर्ड की ओर से कनेक्शन काटने के बाद अगर उपभोक्ता बिल जमा करवा देते है तो दोबारा कनेक्शन जोड़ने के लिए 250 रुपये की अतिरिक्त शुल्क देना होगा, तब जाकर कनेक्शन बहाल किया जाएगा।
उधर, विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम के सहायक अभियंता टीआर ठाकुर ने बताया कि बोर्ड की ओर बिल जमा न करवाने वाले डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को बोर्ड की टीमों ने जगह-जगह तीस कनेक्शन काटे।