रास्ते में ही एचआरटीसी बस खराब होने से परेशान हुईं 35 सवारियां
काफी देर तक दूसरी बस नहीं आई तो लिफ्ट लेकर आगे बढ़े यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। सनवाल-पठानकोट रूट पर जा रही एचआरटीसी की बस शनिवार को बनीखेत के सुकड़ाबाई के समीप खराब हो गई। रास्ते में बस खराब होने से 35 सवारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
काफी देर तक दूसरी बस का इंतजार करने के बाद मजबूरन सवारियों को निजी वाहनों और लिफ्ट लेकर गंतव्य की ओर जाना पड़ा।
अमित कुमार, किशन चंद, अशोक कुमार, दलीप कुमार, केहर सिंह और संजीव कुमार ने बताया कि बस अपने निर्धारित रूट पर यात्रियों को लेकर जा रही थी। सुकड़ाबाई के पास तकनीकी खराबी आने के कारण बस हांफ गई। बस के पहिये थमते ही यात्रियों की चिंताएं बढ़ गईं। कई यात्रियों को रास्ते में ही उतरना पड़ा। घटना के बाद कुछ यात्रियों ने निजी वाहनों और अन्य वैकल्पिक साधनों के माध्यम से यात्रा जारी रखी। कई यात्री बस ठीक होने का इंतजार करते रहे। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इस दौरान अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रूट पर बसों की नियमित तकनीकी जांच और रखरखाव में सुधार की आवश्यकता है। उनका कहना है कि आए दिन इस प्रकार की घटनाएं सामने आती हैं जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। उधर, डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी से इस प्रकार की समस्या पेश आई थी।