चंबा। जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में आर्ट्स संकाय के रिक्त पद होने पर टीजीटी, एलटी और ओटी अध्यापक बच्चों को पढ़ाएं। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग चंबा ने ऐसे स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि जहां अध्यापकों के पद रिक्त हैं और पढ़ाई प्रभावित हो रही है वहां ऐसी व्यवस्था बनाई जाए।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जैसे ही नई नियुक्तियां होंगी अध्यापकों को अतिरिक्त काम से मुक्त कर दिया जाएगा। चंबा जिले की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में 383 प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। इनमें आर्ट्स संकाय के करीब दो सौ पद रिक्त हैं। ऐसे में इन स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था पटरी से उतर रही है।
माध्यमिक और उच्च कक्षाओं में टीजीटी, एलटी और ओटी अध्यापकों के पद भरे गए हैं। ऐसे में यह अध्यापक भी इन स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था को सुचारू रखने में भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षकों को इसके लिए अतिरिक्त समय देना पड़ेगा। विभाग ने इसको लेकर सभी स्कूलों के मुखियाओं को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि जिला में रिक्त पदों के चलते स्कूल प्रबंधन समितियां अब सड़कों पर उतर आई है। इस कारण विभाग ने कुछ स्कूलों को इसी व्यवस्था के तहत पढ़ाई चलाने के निर्देश दिए हैं।
आर्ट्स संकाय वाले बच्चों को उच्च पाठशाला के लिए तैनात स्टाफ भी पढ़ा सकता है। इसलिए इस तरह के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से हो पाएगी।
प्यार सिंह चाढ़क, उच्च शिक्षा उपनिदेशक, चंबा