पांगी (चंबा)। ग्राम पंचायत पुर्थी के थांदल गांव में दूरसंचार कंपनी जियो का टावर दो साल से शोपीस बना हुआ है। टावर स्थापित करने के बाद उसे चालू नहीं किया गया है। इसके चलते वहां लोगों के मोबाइल फोन पर जियो का नेटवर्क नहीं आ रहा है। हालांकि ग्रामीणों ने टावर लगने के तुरंत बाद जियो की सिमें खरीद ली थीं। उन्हें भरोसा था कि टावर चालू होते ही उनकी नेटवर्क की समस्या खत्म हो जाएगी लेकिन दो साल के बाद भी ग्रामीण नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं।
स्थानीय निवासी अशोक कुमार, सुरेंद्र, हंसराज, प्रताप सिंह और मान चंद ने बताया कि जनजातीय क्षेत्र पांगी में मोबाइल नेटवर्क की समस्या काफी पुरानी है। बीएसएनएल का नेटवर्क पांगी मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में सही है लेकिन इंटरनेट से पांगीवासी अभी तक अछूते हैं। ऐसे में जियो का टावर उनके लिए आस बना था लेकिन उनकी यह आस भी टूटने लगी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जियो कंपनी के अधिकारी को आदेश देकर टावर को शुरू करवाया जाए। पांगी के उपमंडलाधिकारी रजनीश शर्मा ने बताया कि इस संबंध में जियो कंपनी के अधिकारी को टावर जल्द शुरू करवाने के आदेश जारी किए जाएंगे।