चंबा। शिक्षा खंड गैहरा के तहत आती एक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक समारोह में अध्यापकाें द्वारा शिव के गुर का मजाक उड़ाना भारी पड़ गया है। धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाले स्कूल प्रधानाचार्य समेत अध्यापकों से विभाग जवाब मांगेगा। वार्षिक समारोह के दौरान शिक्षकों ने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का कारनामा किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। इसके आधार पर अब शिक्षा विभाग आगामी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। विभाग की ओर से इस तरह की कार्रवाई करने का मकसद यह है कि भविष्य में इस तरह कोई स्कूल आस्था को चोट न पहुंचा सकें। हाल ही में इस स्कूल में वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान स्कूली बच्चे को शिव का गूर बनाया गया और वाद्य यंत्रों पर नचाया गया। जबकि पूजा पाठ की सामग्री भी मौके पर रखी गई। किसी ने इस वीडियो को कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया में इसे वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की पड़ताल में सामने आया कि यह गैहरा क्षेत्र के तहत आते एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वीडियो है। जहां भगवान शिव के गुर के साथ यह मजाक किया गया। इस दौरान अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मगर किसी ने इस वाक्य को रोकने का प्रयास नहीं किया। बल्कि बच्चों की इस हरकत पर खूब ठहाके लगाते नजर आए। अब विभाग इस मामले में प्रारंभिक कार्रवाई के रूप में स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगेगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि इस मामले को लेकर विभाग जांच कर रहा है। स्कूल प्रशासन और अध्यापकों से इस बारे जवाब मांगा जाएगा।