चंबा। जिला चंबा में 7 दिसंबर से 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान शुरू होगा। इस अभियान में 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों, टीबी रोगियों के नजदीक रहने वाले पारिवारिक सदस्यों के अलावा कुपोषित व्यक्तियों, शुगर और एचआईवी इत्यादि गंभीर रोगों से ग्रस्त व्यक्तियों को विशेष रूप से टीबी रोग संबंधी जांच में शामिल किया जाए। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने यह निर्देश जिला क्षय रोग समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि निक्षय वाहन का उपयोग करते हुए आयुष आरोग्य केंद्रों में टीबी रोग संबंधी जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से भी संभावित टीबी रोगियों को चिह्नित कर जांच शिविरों में पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने बताया कि 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान का शुभारंभ 7 दिसंबर को जिला मुख्यालय चंबा में किया जा रहा है और पहला जांच शिविर एसबीआई चंबा के परिसर में आयोजित किया जाएगा। जिसमें संभावित रोगियों के बलगम की जांच के अलावा एक्स-रे जांच भी की जाएगी। राष्ट्रीय टीवी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के सफल क्रियान्वन के बारे में जिला मुख्यालय चंबा में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की।
बैठक में जिला चंबा में टीबी के लिए नैदानिक सुविधाओं, क्षय रोग का बोझ, एनटीईपी और एमएमकेआरएनवाई के तहत टीबी रोगियों के लिए योजनाओं, ब्लॉक वार टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों, चंबा में टीबी को समाप्त करने में सहयोग करने वाले विभागों और संगठनों की संभावित भूमिका के संबंध में विस्तृत चर्चा के अलावा अलावा विभिन्न विभागों और संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ खुली चर्चा की गई।