60 साल से अधिक आयु वालों की होगी टीबी जांच
सेंटर टीबी डिवीजन ने 100 दिवसीय अभियान को आगे बढ़ाया
गर्भवती, मधुमेह, कैंसर रोगियों की भी होगी टीबी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में गर्भवती महिलाएं, मधुमेह और कैंसर रोगियों के अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु वाले नागरिकों की टीबी जांच होगी। इसके लिए सेंटर टीबी डिवीजन ने 100 दिवसीय जांच अभियान की अवधि को बढ़ा दिया है। इतना ही नहीं, टीबी संक्रमित निकलने वाले व्यक्ति की हर सप्ताह आशा वर्कर उसके घर में जाकर मॉनिटरिंग करेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भी सप्ताह में एक बार टीबी रोगी की नियमित दवाई खाने से संबंधित जांच के अलावा उसके स्वास्थ्य को जांचेगा। जिले में 79,000 टीबी संभावित संवेदनशील जनसंख्या की स्वास्थ्य विभाग अभियान के तहत स्क्रीनिंग करेगा। संक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को तीन महीने के लिए टीबी बचाव इलाज दिया जाएगा। इसमें दो दवाइयां खाने के लिए रोगी को दी जाएंगी। तीन महीने तक उसे नियमित तौर पर यह दवाई खानी होगी।
चंबा में कुछ माह पहले सेंटर टीबी डिवीजन के दिशा निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने छुपे हुए टीबी रोगियों का पता लगाने के लिए 100 दिवसीय टीबी जांच अभियान चलाया था। अभियान में करीब 30 टीबी के छुपे हुए मरीज सामने आए। ऐसे में सेंटर टीबी डिवीजन ने इस अभियान को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें गर्भवती महिलाओं, कैंसर की दवाई खाने वाले मरीज, मधुमेह और टीबी की दवाई खा चुके व्यक्ति की स्क्रीनिंग करेंगी। इसमें किसी में टीबी से संभावित लक्षण नजर आए तो उनकी टीबी जांच करवाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने बताया कि गर्भवती, मधुमेह, कैंसर रोगी से लेकर पहले टीबी की दवाई खा चुके व्यक्ति की टीबी जांच की जाएगी। सेंटर टीबी डिवीजन ने 100 दिवसीय टीबी जांच अभियान को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।