शिव भूमि टैक्सी यूनियन चंबा ने शहर परिसर में टैक्सी स्टैंड स्थल को जल्द निर्मित करवाने की सरकार व प्रशासन से मांग उठाई है।
यूनियन उपाध्यक्ष विकेश शर्मा व सदस्यों में से सुधीर, अनूप, पवन, भटिया, अजय, विवेक, राजेश, प्रकाश, चमन, समीर, कुलदीप, आकाश, देवेंद्र, प्रदीप, हंसराज, अमजद व सुरेश ने कहाकि दिन प्रतिदिन चंबा में टैक्सी वाहनों का इजाफा होता जा रहा है। ऐसे में टैक्सी वाहनों को खड़ा रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। चालकों को नुक्कड़ के कोनों तक में अपने वाहन पार्क करने पड़ते हैं। जहां भी यातायात पुलिस का डंडा उन्हें खदेड़ने के लिए तैयार रहता है।
इसी संबंध में पहले भी प्रशासन और नगर परिषद ने शहर में टैक्सी स्टैंड मुहैया करवाने का आश्वासन दिया था लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। ऊपर से बढ़ रही वाहनों की संख्या काफी दिक्कत पेश कर रही है।
आलम यह है कि कई बार चालक उपयुक्त जगह पाने के लिए आपस में भिड़ने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं, जिससे आपसी भाईचारे में भी अलगाव पैदा हो रहा है। ऐसे में टैक्सी यूनियन चंबा ने प्रदेश सरकार, प्रशासन और नप चंबा से मांग की है कि शीघ्र शहर के नजदीक एक बहुमंजिला टैक्सी स्टैंड पार्किंग भवन निर्मित किया जाए ताकि इस समस्या का निवारण हो सके।