चंबा। चंबा कॉलेज में अब गैर अनुशासनात्मक गतिविधि को अंजाम देने वाले विद्यार्थियों को निष्कासित किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन की ओर से इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही यह आदेश कॉलेज में स्थापित सूचना पट्टों में भी चस्पां दिए गए हैं। वीरवार को कॉलेज परिसर में हुई मारपीट के बाद कॉलेज प्रशासन अब सख्त हो गया है। इसके अलावा बिना आई कार्ड के कॉलेज आने पर किसी छात्र या छात्रा को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अगर कोई विद्यार्थी बिना आई कार्ड के कॉलेज में प्रवेश कर जाता है और पकड़ा जाता है, तो उसका नाम काट दिया जाएगा। कॉलेज में पढ़ाई के लिए विद्यार्थी को रि-एडमिशन करवानी पड़ेगी।
जानकारी के मुताबिक कॉलेज परिसर में नारे लगाना, मारपीट और छात्र-छात्राओं से दुर्व्यवहार करने के मामलों को गैर अनुशासनात्मक गतिविधि में शामिल किया गया है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और विद्यार्थी को कॉलेज से निष्कासित कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि वीरवार को चंबा कॉलेज में करीब दस छात्र-छात्राएं आपस में उलझ पड़े थे। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस मारपीट करने वाले विद्यार्थियों को अपने साथ ले गई।
कमेटी कर रही जांच, बच्चों के परिजन किए तलब
मारपीट मामले में कॉलेज में गठित तीन सदस्यीय कमेटी जांच कर ही है। कॉलेज प्रशासन ने मारपीट करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को कॉलेज में बुलाया है। कॉलेज का शैक्षणिक माहौल इन विद्यार्थियों ने खराब किया है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. शिवदयाल शर्मा ने बताया कि कॉलेज में अब गैर अनुशासनात्मक गतिविधि को अंजाम देने वाले विद्यार्थियों को निष्कासित किया जाएगा। इसके अलावा बिना आई कार्ड कॉलेज में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों का नाम काट दिया जाएगा। कहा कि मारपीट के मामले को लेकर अनुशासनात्मक कमेटी में शामिल सदस्य जांच कर रहे हैं।