चंबा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों के बल्ब खराब पड़े हैं, जबकि कई जगह बिजली के खंभे जर्जर हालत में हैं और कभी भी धराशायी हो सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या की ओर न तो विद्युत बोर्ड प्रबंधन और न ही नगर परिषद चंबा ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया है। इससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
स्थानीय निवासी अनवर हुसैन, कासम, मनोज, सोनू, सुधीर कुमार, हंसराज, भानु, योगेश कुमार और प्रदीप कुमार ने बताया कि चौगान नंबर-एक से लेकर चौगान नंबर-पांच तक शहर के कई हिस्सों में खंभों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। वर्तमान स्थिति में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुविधा देने के बजाय सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही है। रात के समय अंधेरा रहने से हादसों की आशंका बनी रहती है, वहीं जर्जर खंभे कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से मांग की है कि शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और जर्जर खंभों को शीघ्र बदला जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित प्रकाश व्यवस्था मिल सके।