Skeleton of a person missing for two months was found in the forest
भरमौर (चंबा)। दो माह से लापता व्यक्ति का कंकाल गांव से दूर जंगल में मिला है। मृतक की पहचान जिया लाल पुत्र कैलाश चंद निवासी गांव और डाकघर बड़ग्रां के रूप में हुई है। जिया लाल मानसिक रूप से परेशान था। दस सितंबर को वह अपने घर से अचानक लापता हो गया। अगली सुबह तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
सभी रिश्तेदारों के यहां पूछताछ करने पर भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज करवाई। पुलिस ने लापता को तलाश करने का भरसक प्रयास किया लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला। बुधवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि बड़ग्रां के कंडोला फाट में एक व्यक्ति का कंकाल पड़ा हुआ है।
पुलिस ने तुरंत मौके पर जाकर कंकाल को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही उपरोक्त व्यक्ति के परिजनों को कंकाल की पहचान के लिए बुलाया। परिजनों ने कंकाल के पास पड़े कपड़ों और जूतों से उसकी पहचान कर ली। वीरवार को पुलिस ने कंकाल का पोस्टमार्टम चंबा मेडिकल कॉलेज में करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि परिजनों ने मौत के पीछे किसी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है।