एचआरटीसी में निशुल्क सफर और सरकारी कर्मचारियों को अवकाश मिलने से भाई दूज पर बढ़ा उत्साह
सुबह से बसों में दिखी महिलाओं की आवाजाही, किराये की बचत के साथ भाइयों का भी मिला साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भाई के माथे पर तिलक सजाने की चाह थी, बस किराये की चिंता नहीं। भाई दूज पर बुधवार को चंबा में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को एचआरटीसी की साधारण बसों में निशुल्क सफर की सुविधा देने और सरकारी कर्मचारियों को अवकाश मिलने से बहनों के लिए त्योहार मनाना आसान हो गया। सुबह से ही महिलाएं हाथों में पूजा की थाली और मिठाई लेकर भाइयों के घरों के लिए रवाना होती दिखीं।
त्योहार पर इस बार दो सहूलियतों ने बहनों की राह आसान की। निशुल्क बस यात्रा से आने-जाने का खर्च बचा तो भाइयों को छुट्टी मिलने से उनके साथ पर्व मनाने का अवसर भी मिला। चंबा और आसपास के ग्रामीण रूटों पर बसों में महिलाओं की आवाजाही नजर आई। कोई भाई के घर तिलक लगाने जा रही थी तो कोई मायके पहुंचकर परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटने को उत्साहित थी।
किराये की बचत से मिली राहत
लुड्डू निवासी प्रिया ने बताया कि सरकार की निशुल्क बस यात्रा सुविधा से काफी राहत मिली है। पहले त्योहार पर भाई के घर आने-जाने के लिए किराये का खर्च उठाना पड़ता था, लेकिन इस बार बिना पैसे खर्च किए सफर कर पाईं।
बाट निवासी याशिका शर्मा ने बताया कि इस बार भैया दूज की खुशी दोगुनी रही। भाइयों को सरकारी अवकाश मिलने से वे भी बहनों के साथ त्योहार मना सके। पहले कामकाज के कारण कई बार भाई समय नहीं निकाल पाते थे, लेकिन इस बार परिवार के साथ पर्व मनाने का पूरा अवसर मिला।