चंबा। सिढ़कुंड हत्याकांड में आरोपी ने लकड़ी छिने के औजार बसूले से हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी विशाल उर्फ नीजू की निशानदेही पर उसके घर पीछे ढांक से हथियार को बरामद कर लिया है। उसे इसने झाड़ियों में छिपाया था। पुलिस हत्या के लिए इस्तेमाल हथियार को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।
गौरतलब हो कि सिढ़कुंड में ज्ञान चंद को मौत के घाट उतारने वाले उसके भांजे विशाल कुमार उर्फ नीजू की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार को हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए बसूले को बरामद कर लिया।
पुलिस को दिए बयान में विशाल ने बताया कि ज्ञान चंद अक्सर शराब के नशे में उसके परिवार के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करता था। विगत शुक्रवार को एक बार फिर से ज्ञान चंद ने युवक के परिवार के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसी दौरान तैश में आकर उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने खून से सने कपड़े भी बरामद किए।
एएसपी चंबा रमन शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पुलिस टीम युवक को लेकर उसके गांव लेकर गई। युवक की निशानदेही पर घर के पीछे ढांक में झाड़ियों में छिपाए हथियार को बरामद किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।