महाशिवरात्रि पर दुकानदारों ने बांटा प्रसाद
चंबा। जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चौक के पास महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर स्थानीय दुकानदारों ने प्रसाद बांटा। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने प्रसाद चखा। स्थानीय दुकानदारों विकास महाजन, नीरज कुमार, साहिल कुमार, मनीष कुमार और सुरेश कुमार ने कहा कि वे हर वर्ष शिवरात्रि के उपलक्ष्य पर प्रसाद वितरित करते हैं। इसी क्रम में बुधवार को भी हलवा बांटा गया। संवाद
जंगला स्कूल में विद्यार्थियों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
चुवाड़ी (चंबा)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला जंगला में बुधवार को विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रशिक्षक श्वेता भारद्वाज ने कहा कि संकटकाल में खुद की सुरक्षा बिना आत्मविश्वास के नहीं की जा सकती है। आत्मरक्षा के सभी उपायों के प्रभावी ढंग से इस्तेमाल के लिए आत्मविश्वास सबसे जरूरी है। छात्राएं अगर छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करने के बजाय आत्मविश्वास से प्रतिकार करना सीख लें तो कई समस्याओं का समाधान आसानी से हो जाएगा। मधु जरियाल ने कहा कि आपका पेन, दुपट्टा भी बचाव का कारगर हथियार बन सकता है। उन्होंने पंच, किक, अटैक और डिफेंस आदि के तरीकों का प्रदर्शन कर दुश्मन पर काबू पाने के गुर सिखाए। उन्होंने लाठी, डंडा, चाकू आदि हथियारों के वार से बचने का तरीका भी समझाया। जंगला पाठशाला के प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और बेटियों को मजबूत स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह एक सराहनीय प्रयास है। संवाद