चंबा के डलहौजी में साइन बोर्ड लगाती पुलिस की टीम।संवाद
पर्यटन सीजन में सैलानियों की सुविधा के लिए साइन बोर्ड लगाने की कवायद तेज
डीएसपी ने शहर के चौक-चौराहों का निरीक्षण कर चिह्नित किए स्थल
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने साइन बोर्ड लगाने की दिशा में कवायद तेज कर दी है।
डीएसपी मयंक शर्मा ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों का निरीक्षण कर साइन बोर्ड लगाने के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऐसे स्थान चिह्नित किए जहां साइन बोर्ड लगाए जाने से पर्यटकों को मार्गदर्शन मिलेगा और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले इलाकों में स्पष्ट दिशा-निर्देश देने वाले बोर्ड लगाने पर जोर दिया गया। इस दौरान यातायात प्रभारी विश्वंभर सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि चिह्नित स्थानों पर जल्द साइन बोर्ड स्थापित कर दिए जाएंगे। पुलिस प्रशासन की इस पहल से आने वाले दिनों में डलहौजी आने वाले पर्यटकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। संवाद