चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में चल रही मिंजर मेला क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान दूसरे सेमीफाइनल में सरोल की टीम ने पुलिस बी की टीम को रोमांचक मुकाबले में आठ रन से शिकस्त दी।
इस मैच में सरोल की ओर से रोहित नारंग ने शानदार अर्धशतक लगाकर 55 रन बनाए। विनय ने भी अर्धशतक लगाया। टॉस जीतकर सरोल की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में सरोल ने 179 रन बनाए। पुलिस बी टीम की ओर से बल्लू ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस बी की टीम 171 रन ही बना सकी। इसमें पियुष ने 39 और संयम गिल ने 35 रन की पारी खेली। दोनों खिलाड़ी अपनी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा पाए। सरोल की ओर से बढि़या गेंदबाजी करते हुए रोहित नारंग और विनय ने दो दो विकेट चटकाए। इस जीत के साथ सरोल की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। अब फाइनल मुकाबला सरोल और मंगला के बीच खेला जाएगा। यह जानकारी प्रतियोगिता स्कोरर दर्शन सिंह चौहान ने दी। बताया कि इस बार प्रतियोगिता में साठ से अधिक टीमों ने भाग लिया।