नाग जातर मेले के उपलक्ष्य में देवगाह स्पोर्ट्स क्लब ने करवाई क्रिकेट प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। नाग जातर मेले के उपलक्ष्य में देवगाह स्पोर्ट्स क्लब की ओर से दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उपमंडल की 12 से अधिक टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सलूणी सिंगाधार बीडीसी प्रत्याशी कर्म सिंह ने किया। समापन सेवानिवृत्त सीएचडी मदन मोहन शर्मा ने किया। राजकीय महाविद्यालय सलूणी और डेजर जॉन देवगाह की टीमों के बीच फाइनल खेला गया। पहले बल्लेबाजी कर डेजर जॉन देवगाह की टीम ने 60 रन बनाए। विशाल ने 25 रन और वीरेंद्र ने 15 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सलूणी कॉलेज की टीम ने 61 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। रीवू ने 30 रन और मनीष ने 30 रन की पारी खेली। मुख्य अतिथि मदन मोहन शर्मा ने कहा कि खेल केवल मैदान की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि एकता, अनुशासन और समाज सेवा की सीख देने वाला मंच है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों की ओर अग्रसर होकर स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की। संवाद