चंबा में मतदाता दिवस के मौके पर कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देते विद्यार्थी।संवाद
चंबा। युवा और भावी मतदाता मतदान के महत्व को समझते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। जाति, धर्म, संप्रदाय और क्षेत्र से ऊपर उठकर किए जाने वाले मताधिकार के प्रयोग से देश की महान लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में अहम भागीदारी रहती है। यह बात उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 16 वें जिला स्तरीय कार्यक्रम में अपने संबोधन में कही।
यह कार्यक्रम माई इंडिया, माई वोट मैं भारत हूं थीम पर आधारित रहा। उपायुक्त ने कहा कि हर वर्ष 25 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य मतदाताओं को उनके मताधिकार के महत्व को लेकर जागरूक करना है, ताकि वे भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश की समूची लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभाने के प्रति सजग रहें।
उन्होंने युवाओं से भी आग्रह किया कि वे 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने के बाद मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करवाएं। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को सम्मानित किया और साथ में भावी मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र भी प्रदान किए गए। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का वीडियो संदेश चलचित्र के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों को सुनाया गया। इसके साथ वहां मौजूद लोगों को लोकतंत्र की प्रति निष्ठा की शपथ भी ग्रहण करवाई।
मतदाता जागरूकता के लिए निकाली गई पदयात्रा के लिए हरी झंडी भी दिखाई। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।