चंबा। ओलंपिक खेल ताइक्वांडो में चंबा जिले की रिद्धि रैना ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए महिला वर्ग में जिले की पहली ब्लैक बेल्ट बनने का गौरव प्राप्त किया है। भारतीय ताइक्वांडो संघ की ओर से तीन महीने पहले ब्लैक बेल्ट के लिए परीक्षा आयोजित करवाई गई थी। अब उसका परिणाम घोषित किया गया है, जिसमें रिद्धि को सफलता मिली है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
रिद्धि पिछले चार वर्षों से कोच अमित शर्मा के मार्गदर्शन में ताइक्वांडो अकादमी, आर्य समाज मंदिर चंबा में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। वह डीएवी पब्लिक स्कूल हरदासपुरा में नौवीं कक्षा की छात्रा हैं।
रिद्धि रैना तीन बार राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने प्रदर्शन का लोहा मनवा चुकी हैं। कठिन अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
चंबा के जनसाली मोहल्ले की रहने वाली रिद्धि के पिता तनुज रैना शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट सरू में समग्र शिक्षा अभियान में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता ज्योति रैना मिडिल स्कूल सरू में संस्कृत अध्यापिका हैं। रिद्धि ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और कोच अमित शर्मा को दिया है।
कोच अमित शर्मा ने कहा कि ताइक्वांडो न केवल आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम है बल्कि एक ओलंपिक खेल भी है। उन्होंने विशेष रूप से लड़कियों को ताइक्वांडो प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। बेटी की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और कोच ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।