पहले संतोष कुमारी को घोषित किया गया था विजेता, अब भारती 44 वोटों से जीतीं
एसडीएम कोर्ट में दायर की थी याचिका, बीडीओ कार्यालय के कर्मचारी रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। सलूणी विकासखंड की ग्राम पंचायत ठाकरीमट्टी में पुनर्मतगणना के बाद प्रधान पद का चुनावी परिणाम बदल गया है। पहले संतोष कुमारी को प्रधान पद पर विजयी घोषित किया गया था।
इसके बाद प्रत्याशी भारती ठाकुर ने एसडीएम न्यायालय में याचिका दायर कर पुनर्मतगणना की मांग की थी। एसडीएम सुरेंद्र कटोच ने बताया कि भारती ठाकुर की ओर से दायर याचिका के बाद नियमानुसार पुनर्मतगणना करवाई गई। पुनर्मतगणना के दौरान बीडीओ कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। पहले विजेता घोषित की गई प्रत्याशी संतोष कुमारी के अधिवक्ता को भी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहने के लिए कहा गया था, लेकिन उनके अधिवक्ता मौजूद नहीं रहे। एसडीएम ने बताया कि पूरी पुनर्मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आए मतों के आधार पर भारती ठाकुर को विजयी घोषित किया गया। बीडीओ कंवर सिंह के अनुसार, पुनर्मतगणना में भारती ठाकुर को 601 मत मिले, जबकि संतोष कुमारी के पक्ष में 557 मत पड़े। इस तरह भारती ठाकुर ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज की और उन्हें ठाकरी मट्टी पंचायत का प्रधान घोषित किया गया। पुनर्मतगणना के बाद परिणाम बदलने से पंचायत के चुनावी नतीजों को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।