डलहौजी नप में चुने गए भाजपा समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष भाजपा जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर व अन्य समर?
- फोटो : Chamba
डलहौजी (चंबा)। डलहौजी नगर परिषद में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। बुधवार को भाजपा समर्थित पार्षद रानी शर्मा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर संजीव पठानिया काबिज हुए। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से भाजपा के भीतर चली आ रही गुटबाजी को लेकर चल रही सियासत पर भी विराम लग गया है। कुछ दिनों से भाजपा के दो नेताओं में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपने पसंदीदा पार्षदों को बैठाने को लेकर घमासान चला था। इसी वजह से 18 दिसंबर को डलहौजी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन नहीं हो पाया। दोनों नेताओं के बीच विवाद खत्म करने के लिए बुधवार को वन मंत्री राकेश पठानिया डलहौजी पहुंचे। उन्होंने दोनों नेताओं के बीच का विवाद खत्म करवाया और सर्वसम्मति से नप अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव भी करवाया।
डलहौजी नगर परिषद अध्यक्ष पद की कमान रानी शर्मा को सौंपी गई है। जबकि उपाध्यक्ष के रूप में संजीव पठानिया को चुना गया है। वार्ड नंबर छह कथलग से जीतकर आईं रानी शर्मा अब डलहौजी नगर परिषद की अध्यक्ष होंगी। गौरतलब है कि इस बार डलहौजी नगर परिषद का अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति (महिला) के लिए आरक्षित था। इसके चलते अनुसूचित जनजाति (महिला) से चार महिलाएं नगर परिषद जीतकर पहुंची थी।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही भाजपा समर्थित हैं। नगर परिषद डलहौजी में सिर्फ एक वार्ड में कांग्रेस का पार्षद जीता था। वह भी अब भाजपा में शामिल हो चुका है। नगर परिषद डलहौजी के नो वार्डों के लिए हुए इन चुनावों में आठ वार्डों में भाजपा के उम्मीदवार विजयी रहे थे। एक में कांग्रेस को विजयी मिली थी। मगर अब कांग्रेस के पास एक भी पार्षद नहीं बचा है। बुुधवार को वनमंत्री राकेश पठानिया और भाजपा जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर की मौजूदगी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन हुआ। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की तैनाती के साथ डलहौजी में चल आ रहा सियासी विवाद भी खत्म हो गया।