चंबा। जिले में इस बार की बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। लंबे इंतजार के बाद हुई फुहारों ने खेतों की मिट्टी में नमी घोली, जिससे गेहूं की बिजाई का सिलसिला शुरू हो गया है। कृषि विभाग ने भी किसानों की मदद के लिए समय से पहले ही बीज और उर्वरक की सप्लाई सुनिश्चित की है। साथ ही किसानों को यह सलाह दी है कि जहां खेतों में पर्याप्त नमी है, वहां बिना देरी के गेहूं की बिजाई पूरी कर लें, ताकि फसल समय पर पक सके और ऊपज बेहतर मिले।
विभाग के अनुसार, इस समय की गई बुवाई से गेहूं की पैदावार अधिक होती है। फसल के उत्पादन में 10-15 प्रतिशत तक इजाफा हो सकता है। किसान हंस राज, रोशन कुमार, भीम सिंह, कुलदीप सिंह, जीवन कुमार और राजू कुमार ने बताया कि इस बार की बारिश ने रबी सीजन की शुरुआत को शानदार बना दिया है। जहां पिछले साल सूखे की चिंता थी, वहीं इस बार किसानों में उत्साह साफ झलक रहा है। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अगर किसी को बीज कम पड़ेगा तो वह विभाग के साथ संपर्क करें। जिले में ऊना से बीज की खेप पहुंच चुकी है।