सेंचुरी एरिया खजियार में दाखिल होने से पूर्व लक्कड़मंडी के लगे टोल टैक्स बैरियर पर सोमवार को खूब हंगामा हुआ। यहां डलहौजी से खजियार जा रहे एक टैक्सी चालक ने टोल टैक्स मांगने पर कर्मचारी की धुनाई कर दी। नतीजतन टोल टैक्स बैरियर में तैनात कर्मी ने टैक्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है।
यह मामला उस समय सामने आया जब लक्कड़मंडी स्थित टोल टैक्स बैरियर पर कर्मी विक्रम कपूर पुत्र ज्ञान चंद गांव शठली जिला चंबा अपनी ड्यूटी पर था। इसी समय टैक्सी यूनियन डलहौजी का चालक टैक्सी लेकर बैरियर से गुजरा। जिससे टोल टैक्स कर्मी ने टैक्स चुकता करने का आग्रह किया। इतने में टैक्सी चालक ने यूनियन का हवाला देते हुए टैक्स देने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर काफी देर तक इस व्यस्त सड़क पर टोल टैक्स कर्मी व यूनियन के टैक्सी चालक में बहसबाजी होती रही।
अंत में टैक्सी चालक ने अपना खोकर कर टोल टैक्स बैरियर के अंदर घुस कर वहां मौजूद कर्मी की ताबड़ तोड़ पिटाई कर दी। उसने टैक्स उगाहने की स्थिति में टोल टैक्स कर्मी को जाने से मारने की धमकी भी दे डाली। उधर इस बवाल को लेकर काफी देर तक टोल टैक्स पर लोगों व पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। किसी तरह से किसी ने पुलिस की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत करवाया। डीएसपी चंबा वीर बहादुर ने बताया कि मामला काफी संगीन है। जिसकी निष्पक्ष जांच करने के निर्देश जारी किए गए हैं।