चंबा। जलशक्ति मंडल चुराह में पंप ऑपरेटर, फीटर और हेल्पर के भर्ती परिणाम पर युवाओं ने सवाल उठाए हैं। इसको लेकर युवाओं ने उपायुक्त चंबा को ज्ञापन सौंप कर मामले की निष्पक्षता से जांच की मांग उठाई है। युवाओं ने आरोप लगाया है कि चयनित अभ्यार्थियों के पास बीपीएल प्रमाण पत्र न होने के बाद भी उसे चयनित कर लिया। जबकि, 79.71 अंकों समेत समस्त दस्तावेज होने के बाद भी टॉपर को बाहर का रास्ता दिखा दिया। युवाओं ने अब आरटीआई के जरिये भी जल शक्ति मंडल चुराह से इस बाबत समस्त रिकॉर्ड की जानकारी मांगी है।
युवाओं ने साफ किया है कि मामले की निष्पक्षता से जांच नहीं होती है तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को विवश हो जाएंगे। सलीम खान, डीनू राम, राकेश कुमार, प्रवीण कुमार, योगराज और संजीव कुमार ने बताया कि उनके समस्त दस्तावेज, अनुभव और बीपीएल प्रमाण पत्र समेत 79.71 अंक होने के बावजूद भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया। जबकि, सबसे कम अंक लेने वाले अभ्यर्थी को चयनित कर लिया है। उधर, उपायुक्त चंबा मुकेश रेसपवाल ने बताया कि युवाओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपा है, मामले की निष्पक्षता से जांच करवाई जाएगी।