चंबा कॉलेज में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एसएफआई कार्यकर्ता।
- फोटो : Chamba
चंबा। प्रदेश के कॉलेजों में चल रहे प्रवक्ताओं के खाली पदों को लेकर चंबा कॉलेज में एसएफआई कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। एसएफआई ने यह प्रदर्शन राज्य इकाई के आह्वान पर किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए इकाई अध्यक्ष खेमराज ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा को लेकर बड़े-बड़े वायदे और घोषणाएं तो कर रही है लेकिन, असलियत में सरकार शिक्षा क्षेत्र में कोई गंभीरता नहीं दिखा रही है। प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अध्यापकों की कमी चल रही है। इसकी वजह से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है लेकिन, सरकार अध्यापकों के रिक्त पदों को भरने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। इससे साफ पता चलता है कि सरकार की कथनी और करनी में काफी अंतर है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने शिक्षा के वैज्ञानिक स्तर को कमजोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सरकार दिन-प्रतिदिन शिक्षा का भगवाकरण करने में लगी हुई है। दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम को बदल कर पूरी शिक्षा व्यवस्था को भगवा रंग में रंगने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि केंद्र सरकार अपने रवैये से बाज नहीं आई तो एसएफआई इसको लेकर उग्र आंदोलन करेगी।