स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी परेशान, निजी बसों में देना पड़ रहा पूरा किराया
लोग बोले- कई बार दिए बस चलाने के प्रस्ताव, लेकिन नहीं हो पाई सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। हुट्टा-सलूणी रूट पर सरकारी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इस कारण क्षेत्र के स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें निजी वाहनों में सफर करना पड़ रहा है। इससे रियायती पास की सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रूट कई पंचायतों को जोड़ता है। काफी संख्या में विद्यार्थी सलूणी और आसपास के शिक्षण संस्थानों तक इसी मार्ग से पहुंचते हैं। बावजूद इसके नियमित सरकारी बस सेवा का अभाव समझ से परे है। सरकार की ओर से विद्यार्थियों को रियायती यात्रा के लिए जारी किए गए बस कार्ड इस रूट पर बेकार साबित हो रहे हैं। बस सेवा न होने के कारण छात्रों को निजी वाहनों में पूरा किराया देना पड़ता है।
पीटीए अध्यक्ष दिनेश, मुख्य सलाहकार मदन ठाकुर, उपप्रधान अमर सिंह, कोषाध्यक्ष बिहारी, ध्यान सिंह, अमर सिंह, निधिया राम, रमेश चंद और कुलदीप कुमार ने बताया कि समस्या के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त, डीडीएम और आरटीओ को ज्ञापन सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि तीन प्रस्तावों के बाद भी बस न चलना हैरानी की बात है। बस कार्ड होते हुए भी निजी गाड़ियों में पूरा किराया देना पड़ता है। रोजाना सफर करना मुश्किल हो गया है। अभिभावकों ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र बस सेवा शुरू नहीं की गई तो वे आंदोलन छेड़ने को मजबूर होंगे। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि मामला ध्यान में है। बस की व्यवस्था के बाद ही इस रूट पर भेजी जा सकती है।