चंबा-भरमौर मार्ग पर हरदासपुर के पास बिना हेलमेट बाइक चलाता युवक।
- फोटो : Chamba
सुल्तानपुर (चंबा)। चंबा शहर के साथ लगते सुल्तानपुर, मंगला, चामुंडा मार्ग, हरदासपुरा चौक, बालू सहित अन्य इलाकों में दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट वाहनों को दौड़ा रहे हैं। हैरानी इस बात की है कि ऐसे चालकों पर शिकंजा कसने के लिए यातायात पुलिस कहीं पर भी नजर नहीं आती। यातायात पुलिस दिन भर शहर में ही व्यस्त रहती है।
शहर में बिना हेलमेट चालकों के चालान काट दिए जाते हैं जबकि, शहर के साथ लगते इलाकों में बाइकर बिना हेलमेट बेखौफ वाहनों को दौड़ा रहे हैं। यातायात पुलिस नाके लगाने की बजाए ई चालान के जरिये शहर में वाहनों के चालान काटने में व्यस्त रहती है। इसकी वजह से भी लोग परेशान हैं। लोगों को पता नहीं होता कि उनका चालान कट गया है, इसके बारे में उन्हें तब पता चलता है, जब उनके मोबाइल पर चालान कटने का मैसेज आता है। लोगों का यह भी कहना है कि शहर में लोग अस्पताल, बैंक, प्रशासनिक कार्य सहित अन्य जरूरी कार्यों को करवाने के लिए पहुंचते हैं लेकिन पुलिस अपने चालान के टारगेट को पूरा करने के लिए लोगों की परेेशानी को भी नजरअंदाज कर देती है।
डीएसपी चंबा अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया है। इसको लेकर यातायात पुलिस को निर्देश देकर नाके लगाए जाएंगे और ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले चालकों पर शिकंजा कसा जाएगा।