गंदगी से श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी, लोगों ने दोषियों पर जुर्माना लगाने की उठाई मांग
चेतावनी के बावजूद नहीं रुक रहा खुले में कूड़ा फेंकने का सिलसिला, एसडीएम ने सफाई के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। जवाला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने कूड़े का ढेर लगने से स्थानीय लोगों में रोष है।
धार्मिक स्थल के समीप फैली गंदगी से जहां मंदिर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, वहीं कूड़े के कारण बंदरों का जमावड़ा भी बढ़ गया है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मंदिर के सामने से गुजरने वाला रास्ता बनीखेत पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के अलावा कंडा और पुखरी की ओर जाने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे यहां से गुजरते हैं। ऐसे में कूड़े के आसपास मंडराते बंदरों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने पर जुर्माने की चेतावनी वाले सूचना पट्ट कई बार लगाए जा चुके हैं। बावजूद इसके कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। अरुण भारद्वाज, नागिन शर्मा, विक्रम ठाकुर, अनिल कुमार, अजय कुमार, राकेश कुमार और अनीता जसवाल ने नगर पंचायत से मंदिर के सामने जमा कूड़ा तुरंत हटाने और नियमित सफाई करवाने की मांग की है। उन्होंने खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ मकान मालिकों से भी किरायेदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने कहा कि नगर पंचायत बनीखेत के कनिष्ठ अभियंता को आवश्यक निर्देश देकर मंदिर के सामने सफाई करवाई जाएगी, ताकि लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।