चंबा-तीसा मार्ग पर कफाडी़ के पास लगा मलबे का ढेर।संवाद
तीसा (चंबा)। चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कफाड़ी के समीप सड़क किनारे मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। इस वजह से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को हर पल दुर्घटना का अंदेशा लगा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते दिनों मूसलाधार बारिश के चलते सड़क पर भारी-भरकम मलबा आ गिरा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची लोक निर्माण विभाग की मशीनरी से मलबे को यहां से हटा कर सड़क किनारे ही ढेर लगा दिए गए हैं जिन्हें अब तक नहीं हटाया जा सका है। इस वजह से यहां से होकर आवाजाही करना चालकों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। चालकों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से इन मिट्टी के ढेरों को यहां से हटवाने की मांग की है।
ग्रामीणों चतर सिंह, दलीप कुमार, नरेश कुमार, किरपा राम, मोहन सिंह, संजीव कुमार, अशोक कुमार, सुरेंद्र कुमार, हाकम चंद आदि ने बताया कि रोजाना चंबा-तीसा मुख्य मार्ग से सैकड़ों की संख्या में छोटे और माल वाहक वाहनों की आवाजाही रहती है लेकिन, कफाड़ी में सड़क किनारे लगे मिट्टी के ढेर वाहन चालकों के लिए चुनौती बने हुए हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मार्ग किनारे पर गिरे मलबे को जल्द हटवाने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। जल्द सड़क किनारे लगे मिट्टी के ढेरों को वहां से हटवा दिया जाएगा।