चंबा। उपमंडल स्तर पर प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आम जनमानस की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को उपमंडल चंबा की ग्राम पंचायत बरौर, पल्युर, कुरैणा, पलुई, प्रौथा, पधर साहो, सिल्लाघारट, जडेरा, चंबी, कैला, सुंगल, राजिंडू, साच, कीड़ी, अठलुईं, सराहन और गुवाड़ के लिए पंचायत भवन बरौर में कार्यक्रम होगा। इसमें मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि 23 दिसंबर को ग्राम पंचायत चकलू, चंडी, दुलाहर, झुलाड़ा, कंदला, कियाणी, कुठेहड़, मसरूंड, प्राहान्वी, पुखरी, राजनगर, राजपुरा, भडोह, रुपणी, सिढ़कुंड, निहुई और टिकरी के लोगों की पटवार भवन पुखरी में समस्याएं सुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। एसडीएम ने सभी से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें, ताकि समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके।