चंबा के सिहुंता-लाहडू मार्ग पर साहला के पास लगा वाहनों का जाम।संवाद
सिहुंता (चंबा)। सिहुंता से लाहड़ू तक सड़क की कटाई से उड़ रही धूल से स्थानीय लोग और चालक काफी परेशान हैं। साहला के समीप कटाई ज्यादा होने के बाद सड़क पर टनों के हिसाब से मलबा गिरा है।
इस कारण सड़क काफी संकीर्ण हो चुकी है। इससे रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। इतना ही नहीं, कार्य करवा रहे ठेकेदार की ओर से गाड़ियों को जाम से निकालने के लिए कोई लेबर कर्मी भी सड़क के दोनों छोर पर तैनात नहीं किए गए हैं। इससे हर समय हादसा होने का खतरा बना रहता है।
मार्ग पर गिरी मिट्टी और मलबे की वजह से रोजाना धूल उड़ती रहती है। इस वजह से आवाजाही करना चालकों के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ऐसे में उन्हें घंटों जाम में फंसना पड़ता है। कहा कि इसी रास्ते से कई राहगीर भी आवाजाही करते हैं।
चालकाें में राकेश कुमार, हरीश कुमार, जगदीश कुमार, मनजीत कुमार और रोहन कुमार ने कहा कि विभागीय ठेकेदार ने साहला के पास सड़क की कटाई की है। वहां सड़क काफी छोटी हो चुकी है। एक तरफ मलबा है तो दूसरी तरफ धूल उड़ रही है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जाम की समस्या उत्पन्न न हो, इसलिए संबंधित ठेकेदार को दोनों छोर पर अपनी लेबर के कर्मियों को तैनात करने के निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही उक्त स्थान पर दिन में तीन बार पानी का भी छिड़काव करवाने की व्यवस्था करवाई जाए।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल ठाकुर ने कहा कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। इस समस्या का समाधान करने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे।