पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में खराब आटा सप्लाई करने का मामला सामने आया है। इसका खुलासा एफसीआई के पांगी स्थित स्टोर से आटा बांटने के दौरान हुआ। इस दौरान पाया गया कि आटे के पेड़े बने हुए हैं।
ग्राम पंचायत पुर्थी के उपप्रधान विकेश राणा ने आटे की सप्लाई संबंधी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। जिसे लेकर अब पांगीवासियों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पंचायत प्रतिनिधि ने पांगी प्रशासन से एफसीआई गोदाम में दबिश देकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठाई है। इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं हो पाए।
उन्होंने बताया कि एफसीआई की ओर से उन्हें आटा प्रदान किया जाता है, जिसकी पेमेंट करने के बाद उन्होंने 40 किलोग्राम की बोरी उठाई। सीलबंद बोरी खोलने पर वह स्तब्ध रह गए। बोरी के भीतर आटा जाम था। उन्होंने जिला खाद्य आपूर्ति निगम के निरीक्षक को इसकी जानकारी प्रदान की। उधर, जिला खाद्य आपूर्ति निगम के निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है। मंगलवार को वह स्वयं पुर्थी पंचायत में पहुंच कर मामले की जांच करेंगे।