पांगी में डूगर जलविद्युत परियोजना की जन सुनवाई के दौरान अपनी बात रखता बुजुर्ग।संवाद
- फोटो : Chamba
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी के डूगर में बनने वाली 500 मेगावाट जल विद्युत परियोजना को लेकर बुधवार को रामलीला मैदान किलाड़ में पर्यावरणीय जन सुनवाई हुई। यह जन सुनवाई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड चंबा की ओर से करवाई गई।
इसकी अध्यक्षता आवासीय आयुक्त पांगी बलवान चंद ने की। उनके साथ उपमंडल अधिकारी रजनीश शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विशाल चोपड़ा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग हरि प्रकाश भारद्वाज, वन मंडल अधिकारी सुशील गुलेरिया, नायब तहसीलदार अजय कुमार, उपाध्यक्ष जिला परिषद हाकम राणा, वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता डॉ. आर के नड्डा, महा प्रबंधक डूगर परियोजना शशि कांत सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
इस सुनवाई में किलाड़, लुज, धरवास, कूफा, करेल, करयूनी, मिंधल और फिंड्रू पंचायतों के लोगों ने भाग लिया। लोगों ने परियोजना निर्माण को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए। कई लोगों ने परियोजना के पक्ष और विपक्ष में अपने सुझाव रखे और प्रश्न भी पूछे। उनके प्रश्नों के उत्तर परियोजना प्रबंधन ने पूरे विस्तार और सरलता के साथ दिए। साथ ही लोगों के सुझावों को मानते हुए क्रियान्वित करने का आश्वासन भी दिया ।