चंबा। नगर परिषद के हरदासपुरा वार्ड के मुगला इलाके के रास्तों की हालत खस्ता हो चुकी है। इसके चलते स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि रास्तों में बिछाई गई पेवर टाइलें उखड़ चुकी हैं। ऐसे में स्थानीय लोग ठोकरें खाने के लिए मजबूर हैं। वहीं, दूसरी ओर स्ट्रीट लाइटें भी तीन माह से खराब पड़ी हैं।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, पवन कुमार, देवी चंद, अमृत सिंह, उमेश कुमार, सुशील कुमार, अजय कुमार, विजय कुमार, लक्की सिंह, हैपी कुमार और अमर चंद का कहना है कि मुगला इलाके में करीब एक हजार से अधिक आबादी गुजर-बसर कर रही है। यहां के रास्ते खस्ताहाल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइटें बंद होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि इसके बारे में वे कई बार नगर परिषद को अवगत करवा चुके हैं लेकिन, अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि रास्तों और स्ट्रीट लाइटों की जल्द मरम्मत करवाई जाए। वार्ड पार्षद अंजू देवी ने बताया कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि जल्द इन रास्तों की मरम्मत करवाई जाएगी। साथ ही स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त करवा दिया जाएगा।