चंबा में बैठक के दौरान मौजूद विद्युत बोर्ड़ पेंशनर फोरम के पदाधिकारी और सदस्य। संवाद
चंबा। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम चंबा की बैठक जिला मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान आत्मा राम ने की। इस दौरान उन्होंने सरकार को चेताया है कि जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की होगी। बैठक में बताया गया कि पेंशनरों के लंबित एरियर और 11 प्रतिशत डीए का भुगतान नहीं किया गया है। इस बात को लेकर पदाधिकारियों ने रोष प्रकट किया।
आत्मा राम ने बताया कि सरकार को मांगों के बारे में कई बार अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन, अभी तक इस बारे में कोई सुध नहीं ली जा रही है। ऐसे में पेंशनरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए। बैठक में सचिव नर सिंह रावत, वित्त सचिव जगत चंद सहित भरमौर, तीसा और कोटी से आए पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में पेंशनरों से संबंधित विभिन्न मुद़्दों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी रणनीति तैयार की गई।