चंबा। हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन चंबा की बैठक अध्यक्ष शाहनवाज खान की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में संपन्न हुई। इस दौरान सरकार से पेंशनरों को तीन फीसदी डीए देने और मेडिकल भत्तों को जारी करने की मांग की।
बैठक में संगठन के सभी पेंशनर सदस्यों ने भाग लिया और सरकार व एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ मांगें पूरी न करने पर रोष प्रकट किया। शाहनवाज खान ने बताया कि सरकार और प्रबंधन द्वारा हाल ही में हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों के लिए तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता वृद्धि की घोषणा की गई है, जबकि पेंशनरों को इससे वंचित रखा है। संगठन ने इसे सरकार की भेदभावपूर्ण नीति बताया और मांग की कि पेंशनरों को भी समान रूप से तीन प्रतिशत डीए का लाभ शीघ्र प्रदान किया जाए। सरकार द्वारा लगभग ढाई वर्षों से मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण बुजुर्ग पेंशनरों को इलाज कराने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हाेंने कहा कि कई पेंशनर इलाज न करवा पाने के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। अन्य विभागों के कर्मचारियों को एरियर की दो-दो किस्तें पहले ही मिल चुकी हैं, परंतु परिवहन निगम के पेंशनरों को आज तक यह लाभ नहीं दिया है।
संगठन ने मांग की कि निगम पेंशनरों को भी एरियर एकमुश्त भुगतान के रूप में प्रदान किया जाए। इस देरी से बुजुर्ग पेंशनरों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले हैं, जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है। इस बैठक मनोहर लाल, उत्तम सिंह, कुलदीप कुमार, हरबंस सिंह, कमान सिंह, दुनी चंद, देशराज और साहब चंद मौजूद रहे।